चोट के निशान को नेचुरल तरीके से खत्‍म करने के 4 घरेलू उपचार

चोट के निशान को नेचुरल तरीके से खत्‍म करने के 4 घरेलू उपचार



हर इंसान के जीवन में कभी न कभी कोई ऐसी दुर्घटना हुई होती है जिसकी वजह शरीर में या चेहरे पर चोट के निशान या घाव जीवन भर पीछा नहीं छोड़ते हैं। घाव के निशान का हमारी मानसिकता पर भी बुरा असर पड़ता है। जो भी इस समस्या का सामना करता है वो इन निशानों से जल्द से जल्द छुटकारा पाना चाहता है। निशान को हटाने के लिए लेजर ट्रीटमेंट, सर्जरी आदि का भी इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन अगर आप घर पर ही इन निशानों को हटाने के लिए कुछ उपचार करना चाहते हैं तो आप कुछ प्राकृतिक तरीके अपना सकते हैं। 

निशान हटाने की विधि इस बात पर निर्भर करती है कि निशान कितना गहरा है। चाकू से कटने के निशान की तुलना में आग से जलने के निशान को हटाने के लिए कहीं बेहतर ट्रीटमेंट की जरूरत होती है। यहां हम आपको कुछ ऐसे तरीके बता रहे हैं, जिसकी मदद से आप घरेलू चीजों के जरिए निशान से छुटकारा पा सकते हैं।

नींबू से हटाएं घाव के निशान

नींबू सबसे प्रभावी नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट होता है। नींबू का इस्तेमाल कई सारे कास्मेटिक में भी किया जाता है। साथ ही यह घाव के निशान को भी हटाने में कारगर होता है। नींबू का इस्तेमाल निशान को हल्का बनाने का एक प्राकृतिक और प्रभावी तरीका है। इसके अलावा नींबू डेड स्किन सेल्स को भी हटाता है और नए स्किन के विकास को बढ़ावा देता है। घाव के निशान को कम करने के लिए रूई को नींबू के रस में डुबा लें और निशान पर रगड़ें। एक सप्ताह तक रोज ऐसा करें। आपको अच्छा खासा फर्क नजर आने लगेगा। टमाटर और आलू भी एक अच्छा नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट है जो निशान को कम करता है।

शहद भी है फायदेमंद

घाव के निशान को प्राकृतिक रूप से कम करने के लिए शहद काफी फायदेमंद होता है। साथ ही शहद मॉइस्चराइजर का भी काम करता है। घाव के निशान दरअसल डेड स्किन सेल्स और टिशू होते हैं। शहद नए स्किन टिशू का विकास कर निशान को कम करता है। कुछ बूंद शहद लेकर उसे निशान पर नियमित रूप से लगाएं। बेहतर परिणाम के लिए आप शहद और नींबू के रस को मिला भी सकते हैं। इन दोनों का मिश्रण घर पर निशान को कम करने का एक बेहतरीन तरीका है

खीरा है सस्‍ता विकल्‍प

खीरा न सिर्फ सस्ता होता है, बल्कि आसानी से उपलब्ध भी हो जाता है। सेहत के साथ-साथ त्वचा के लिए भी यह काफी फायदेमंद होता है। खीरा स्किन को मुलायम बनाता है और इसे हाइड्रेटेड रखता है। यह निशान को हल्का करने के साथ-साथ निशान के आसपास की सूखी त्वचा को नमी प्रदान करता है। खीरे का आप पेस्ट बनाकर उसे निशान पर लगाएं। बेहतर परिणाम के लिए आप इसे पेस्ट को नियमित रूप से लगाएं। मार्केट में भी खीरे के अर्क से बने कई क्रीम और स्क्रब उपलब्ध हैं। घाव के निशान को कम करने में यह भी काफी कारगर होता है।

चंदन में है कुदरती शक्ति

चेहरे पर चोट के निशान को कम करने या पूरी तरह ठीक करने के लिए चंदन पाऊडर एक बहुत अच्छा घरेलू नुस्खा है। चंदन पाऊ़डर में गुलाब जल मिला लें और साथ में दो चम्मच दूध भी डाल लें। इसका एक गाढ़ा पेस्ट बना लीजिए और निशान पर लगाएं। एक घंटे के लिए सूखने के लिए छोड़ दें और फिर ठंडे पानी से धोएं। ऐसा करने से धीरे धीरे निशान कम होने लगेंगे।

You Might Also Like

0 comments